नेशनल हाईवे 152 डी पर दादरी जिले के गांव कमोद के पास बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर खड़े ट्राले में रात करीब 12 बजे पीछे से आ रहे ट्राले ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में ट्राला चालक व परिचालक जिंदा जल गए। चालक की पहचान हिसार जिले के गांव खांडा खेड़ी निवासी 48 वर्षीय राजेश और परिचालक की पहचान जींद जिले के गांव रूपगढ़ निवासी 40 वर्षीय जसवंत सिंह के रूप में हुई है।
आग इतनी भयंकर थी कि कई घंटे बाद उस पर काबू पाया जा सका। दादरी व भिवानी से पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, दादरी जिले के गांव भागेश्वरी निवासी सतबीर फर्रुखनगर वेयर हाउस से ट्राले में सरसों भरकर हिसार जा रहा था। नेशनल हाईवे 152-डी पर गांव कमोद के समीप उसके ट्राले में पंक्चर हो गया। जिस पर उसने टायर बदलने के लिए ट्राले को साइड में खड़ा कर लिया।
वहीं, दूसरी तरफ हिसार जिले के गांव खांडा खेड़ी निवासी राजेश और जींद जिले के गांव रूपगढ़ निवासी जसवंत सिंह दो दिसंबर को ट्राले में मध्यप्रदेश के भोपाल से धान भरकर जींद जा रहे थे। बुधवार देर रात जब वे नेशनल हाईवे 152डी पर गांव कमोद के समीप पहुंचे तो वहां पहले से खड़े सरसों से भरे ट्राला से उनका ट्राला टकरा गया। टक्कर लगते ही दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और राजेश व जसवंत सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला, जिसके कारण वे दोनों ट्राले में ही जिंदा जल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दादरी सदर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दादरी सदर थाना पुलिस ने मृतक राजेश के बेटे रवि के बयान के आधार पर दूसरे ट्राला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में करवाया जाएगा।