दादरी पुलिस ने शनिवार को आठ घंटे तक 20 गैंगस्टर्स के घर खंगाले। ये सभी हार्ड कोर क्रिमिनल हैं और इनके घर सुबह पांच बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक सर्च अभियान। एक गैंगस्टर के घर से दो मैग्जीन जबकि एक के घर से 5.850 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की बाइक, एटीएम, पैनकार्ड,9 मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, डीवीआर व बैंक पासबुक समेत अन्य दस्तावेज बरामद हुएए, जिन्हें पुलिस ने सीज कर दिया है।
आईजी राकेश आर्य के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया गया
दोपहर तीन बजे एसपी नितिका गहलोत ने प्रेसवार्ता की। इसमें उन्होंने जिला पुलिस की ओर से लगातार आठ घंटे तक की गई ताबड़तोड़ छापामारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईजी राकेश आर्य के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पहला चरण है और इसके लिए जिले के 20 अपराधियों की ही सूची तैयार की गई थी। दो डीएसपी की अगुवाई में 100 पुलिस कर्मचारियों की 20 टीमें बनाई गईं। 20 टीमों ने सुबह पांच बजे दबिश शुरू की।
गैंगस्टर प्रदीप कासनी के घर से दो मैग्जीन बरामद हुई
शहर के अलावा सदर थाना, बौंदकलां व झोझूकलां थाना क्षेत्र के गांवों में रहने वाले अपराधियों के यहां पुलिस टीमें पहुंची तो परिजन सो रहे थे। पुलिस टीमों ने संदिग्ध सामान छिपाने तक का मौका नहीं दिया। एसपी नितिका गहलोत ने बताया कि गैंगस्टर प्रदीप कासनी के घर से दो मैग्जीन बरामद हुई जबकि प्रदीप जेल में बंद है। इसके अलावा गामड़ी क्षेत्र निवासी अमित के यहां से 5.850 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। एक अन्य बदमाश के यहां से तीन बाइकें बरामद हुईं, जिनमें से दो बिना नंबर प्लेट की हैं। पुलिस टीमों ने बदमाशों के घर से चार रजिस्टर, एक डोंगल, ब्लैक फिल्म रोल, बिना नंबर लिखी वाहन की प्लेट, एक तेजधार हथियार, 3 पैनकार्ड, एक पासबुक बरामद की है।