चरखी दादरी के डाकघर में तैनात घिकाड़ा निवासी एक युवक के घर हथियारबंद युवकों के घुसकर मारपीट करने और दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता युवक के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए। उन्होंने कहा कि हम कासनी गैंग से संबंध रखते हैं और दो लाख रुपये की वसूली तो करनी पड़ेगी। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में मिली शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सशस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस को दी शिकायत में घिकाड़ा निवासी मोहित ने बताया कि वो डाकघर में तैनात है। उनके गांव का महेश उर्फ बंटू और सेमु अपराधी प्रवृत्ति के हैं। कई दिनों से गांव निवासी आशीष भी उनके साथ रहता है। मोहित ने बताया कि वो पिछले कुछ दिनों से उस पर दो लाख रुपये रुपये की मांग कर रहे हैं और कहते हैं कि ये रुपये तो खर्च के लिए देने पड़ेंगे। मोहित ने बताया कि गत 18 जुलाई की रात तीनों रात साढ़े 11 बजे उसके घर के बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे।
इसके बाद उक्त तीनों ने गली में खड़ी उनकी कार और बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद उन्होंने घर पर पथराव किया और कुछ देर बाद जबरन अंदर घुस आए। इसके बाद उन्होंने मोहित और उसके पिता से मारपीट की। मोहित के अनुसार, इसके बाद महेश ने पिस्तौल निकालकर उन पर तान दी। उसने कहा कि दो लाख रुपये की वसूली तो करनी पड़ेगी, हम कासनी गैंग से संबंध रखते हैं। शोर मचाने पर पड़ोसी एकत्र हुए तो आरोपी वहां से फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने अब इस संबंध में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।