चरखी दादरी के अचीना के समीप स्थित एक आहता पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में संयुक्त टीम ने छापामारी की। इस दौरान आहता संचालक बिन परमिट लोगों को शराब पिलाते मिला। टीम ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ अचीना ताल चौकी में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। तीन आरोपी अचीना के और एक शहर के प्रेमनगर का रहने वाला है।
आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि अचीना के समीप स्थित रॉक पैलेस नाम से आहता है। वहां आबकारी विभाग से परमिट लिए बिना ही लोगों को शराब पिलाई जाती है। इस आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने आबकारी और गुप्तचर विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर वहां दबिश दी। रेड के दौरान आहता में तीन लोग शराब का सेवन करते मिले।
टीम ने चार लोगों को किया काबू
पूछताछ करने पर उनकी पहचान अचीना निवासी अमरेश, प्रदीप और सोनू के रूप में हुई। इसके बाद टीम ने जब दादरी के प्रेम नगर निवासी होटल संचालक संदीप कुमार से लाइसेंस मांगा तो वो पेश नहीं कर पाया। इसके बाद टीम ने चारों को काबू कर लिया और उन्हें अचीना ताल चौकी ले आई। वहां उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।