चरखी दादरी में जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से शहर के कॉलेज रोड निवासी एक बाइक सवार की जान चली गई। विभाग के वॉल सिस्टम के गड्ढे में बाइक समेत गिरकर 28 जून को गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए रणबीर की 30 जून को उपचार के दौरान मौत हुई थी और 20 जुलाई को उसकी पत्नी कृष्ण देवी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ धारा 304-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पत्नी का कहना है कि हादसे के बाद से वो और उसकी नाबालिग बेटी सदमे में रही और इस कारण वो पहले कानूनी कार्रवाई नहीं कर पाई।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
पुलिस को दी शिकायत में स्टेडियम रोड की गली नंबर एक निवासी कृष्णा देवी ने बताया कि उसका पति राजमिस्त्री था। उनके एक बेटी है। कृष्णा ने बताया कि उसका पति गत 28 जून को दिहाड़ी पर सुबह आठ बजे घर से काम करने गया था। शाम को काम से लौटते वक्त जब उसका पति साढ़े सात बजे रावलधी बाईपास से गुजर रहा था। वहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था जबकि वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के वॉल सिस्टम का गड्ढा भी खुला पड़ा था।
वहां से गुजरते रणबीर बाइक समेत गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। कृष्णा ने बताया कि यह हादसा जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से हुआ है क्योंकि गड्ढे के पास संकेतक या बचाव संबंधी प्रबंध नहीं थे। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उपचार के लिए उसके पति को शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया और वहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। 30 जून को उपचार के दौरान उसके पति की मौत हो गई।
अधिकारी के अनुसार
स्टेडियम रोड निवासी कृष्णा देवी ने इस संबंध में शिकायत दी है जिसमें जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताया गया है। शिकायत पर संज्ञान लेकर पुलिस ने जनस्वास्थ्य विभाग पर धारा 304-ए के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-बीर सिंह, थाना प्रभारी, दादरी सदर थाना।