चरखी दादरी के रावलधी चौक नाका पर तैनात होमगार्ड को स्कोडा सवार ने कुचलकर भागने का प्रयास किया। गनीमत रही कि समय रहते होमगार्ड साइड में कूद गया और उसकी जान बच गई। हालांकि आगे पुलिस नाका देखकर आरोपी चालक अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। सिटी थाना पुलिस ने इस संबंध में आरोपी चालक के खिलाफ धारा 279, 336,186 व 353 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार
शिकायत में होमागार्ड सचिन ने बताया कि वो मालपोश का निवासी है और उसकी तैनाती रावलधी चौक नाका पर है। सचिन ने बताया कि शुक्रवार शाम वो ड्यूटी पर तैनात था। नाका पर पुलिस टीम चेकिंग अभियान चलाए हुए थी। उसी समय दादरी शहर की तरफ से दिल्ली रजिस्ट्रेशन नंबर की एक स्कोडा आई। होमगार्ड सचिन ने बताया कि स्कोडा के शीशों पर काली फिल्म थी और इसके चलते वो कार रुकवाने लगा। उसके आगे अड़ने पर चालक ने कार रोक दी, लेकिन इसके बाद कार को बार-बार आगे पीछे करने लगा। होमगार्ड कार को रोकने का प्रयास करता रहा और उसी दौरान चालक ने उसे कुचलकर मौके से भागने का प्रयास किया।
वीडियो फुटेज भी आई सामने
रावलधी चौक नाका पर हुए प्रकरण की एक वीडियो फुटेज भी सामने आई है। ये 52 सैकेंड की है और इसमें पूरा माजरा कैद है। फुटेज में नजर आ रहा है कि जब होमागार्ड के आगे अड़ने पर भी चालक गाड़ी को आगे-पीछे करता रहा तो वहां एक अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचा और उसने खिड़की खोलकर चालक को उतारने का प्रयास किया। उसी दौरान उसने रफ्तार बढ़ाने के साथ स्टेयरिंग घुमाकर कट मारा और रावलधी-दिल्ली बाईपास की तरफ फरार हो गया।
कैमरे लगवाने का मिला फायदा
इस मामले में पुलिस को रावलधी चौक नाका पर कैमरे लगवाने का पूरा फायदा मिला। सबूत के तौर पर उन्हें फुटेज भी मिल गई। बता दें कि एसपी नितिका गहलोत ने हाल ही में शहर के चारों बाहरी नाकों को सीसीटीवी के जरिये कंट्रोल रूम से जुड़वाया है और नाकों की हर गतिविधि अब कैमरों में रिकॉर्ड होती है और अधिकारी कार्यालय में बैठकर सारी हलचल देख सकते हैं।
अधिकारी के अनुसार
इस संबंध में पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। आरोपी चालक के खिलाफ धारा 279, 336,186 व 353 के तहत केस दर्ज किया गया है। जल्छ ही चालक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी, सिटी थाना।