चरखी दादरी के बाढड़ा कस्बा निवासी एक युवक ने पहले कार सवारों से लिफ्ट मांगी और फिर मौका पाकर उनकी कार लेकर चंपत हो गया। कार मालिक ने इसकी शिकायत बाढड़ा थाने में दी है जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बाढड़ा निवासी रामबीर ने बताया कि उसने एक स्विफ्ट कार खरीदी है। इसकी एनओसी उसके नाम से है। रामबीर ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे वह डालावास निवासी मोहित और विक्रम के साथ स्विफ्ट में पीएनबी जा रहा था। रास्ते में उन्हें बाढड़ा निवासी सोमबीर मिल गया और उसने कार रुकवा ली।
रामबीर ने बताया कि इसके बाद सोमबीर भी कार में बैठ गया। इसके बाद पीएनबी के सामने उन्होंने अपनी गाड़ी रोक ली। रामबीर और मोहित कार से उतरकर इंश्योरेंस ऑफिस चले गए जबकि चाबी कार में ही छोड़ दी। रामबीर ने बताया कि उसी दौरान सोमबीर कार को स्टार्ट करके वहां से ले गया। काफी तलाश करने के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। इसके बाद रामबीर ने बाढड़ा थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर कार बरामद कराने की मांग की।
युवती ने बस स्टैंड पर महिला के गले से चुराई सोने की चेन
कुडल निवासी एक महिला की दादरी बस स्टैंड पर सोने की चेन चोरी हो गई। पीड़िता ने एक युवती पर चेन चोरी करने का संदेह जताया है। उसने इसकी शिकायत बस स्टैंड पुलिस चौकी में दी है जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुडल निवासी संतोष ने बताया कि छह फरवरी को वो अपने गांव से धनोंदा शादी में जा रही थी। दादरी बस स्टैंड पर जब वो बस में चढ़ने लगी तो चेन उसके गले में थी। इसके बाद उसने संभाली तो चेन नहीं मिली। संतोष ने बताया कि बस में चढ़ते समय उसके पीछे एक युवती खड़ी थी जो मुंह को दुपट्टे से ढके हुए थी। चेन चोरी होने का पता चलने के बाद उक्त युवती बस में नजर नहीं आई। उसे संदेह है कि उसके गले से सोने की चेन उक्त युवती ने चुराई है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उसकी चेन का वजन करीब 12 ग्राम था और इसकी कीमत करीब 65 हजार रुपये थी। संतोष ने पुलिस को शिकायत देकर उसकी चेन बरामद कराने की गुहार लगाई है।