बिजली निगम के जेई द्वारा किसान से रिश्वत लेने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जेई पर 4500 रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। वहीं, बिजली निगम ने जेई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे चरखी दादरी से पदभार से मुक्त कर दिया है और इसका केस हिसार हेड ऑफिस को उचित कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पीड़ित किसान ने इस बारे में जेई के खिलाफ लिखित में शिकायत एसपी कार्यालय में भी दी है।
गांव हुई निवासी किसान मान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे अपने खेत में बिजली आपूर्ति के लिए एक-दो पोल की आवश्यकता थी। पोल लगवाने की एवज में जेई ने उससे रिश्वत की मांग की। जेई ने उसे दादरी बस स्टैंड पर बुलाया और उससे एक हजार रुपये की राशि ले ली। इसी प्रकार 16 जुलाई को दो हजार रुपये शहर के सरकारी अस्पताल के पास बुलाकर ले लिए। शेष 1500 रुपये गांव हुई में आकर लेने की बात जेई ने किसान के समक्ष कही।
जेई को रुपये देते समय उसने वीडियो बना ली। बाद में यह शुक्रवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इस संबंध में बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता ओमवीर सिंह ने बताया कि संबंधित जेई फूल सिंह को पदभार से मुक्त कर दिया है। इसका केस हिसार हेड ऑफिस नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के लिए भेज दिया है।