भिवानी से शहर के गांधी नगर में अपने दोस्त से मिलने आ रहे एक जेबीटी की निर्माणाधीन अंडरपास के समीप ट्रेन के नीचे आने से मौत हो गई। मृतक की शनाख्त रेवाड़ी के बेरली खुर्द निवासी सुभाष सिंह (49) के रूप में हुई। जीआरपी चौकी पुलिस ने रविवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
मृतक के बेटे अमरदीप ने बताया कि उसका पिता भिवानी राजकीय स्कूल में शिक्षक तैनात था। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वो दादरी के गांधी नगर में अपने दोस्त से मिलने आए थे। निर्माणाधीन गांधी नगर अंडरपास के पास जब वो रेलवे लाइन पार करने लगे तो वहां से गुजर रही एक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उनकी शनाख्त की। हादसे का पता चलते ही मृतक के परिजन भी दादरी पहुंचे। जीआरपी चौकी इंचार्ज एसआई सुरेश सांगवान ने बताया कि रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।