दादरी में कांग्रेस नेता मनीषा सांगवान को स्मृति चिह्न भेंट करते बार प्रधान नसीब राणा और अन्य अध
चरखी दादरी। रेवाड़ी में 11 से 14 अप्रैल तक अधिवक्ता क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। इन चार दिवसीय आयोजनों के लिए मंगलवार को टीम यहां से रवाना हुई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश महासचिव महिला कांग्रेस डॉ. मनीषा सांगवान ने बार की टीम को हरी झंडी दिखाकर कोर्ट परिसर से रवाना किया। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मनीषा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
टीम को रवाना करते समय कांग्रेस नेता मनीषा ने खिलाड़ियों को जीत के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट सामूहिक खेल है। इसमें व्यक्तिगत की बजाय सामूहिक टीम प्रयास अधिक कारगर साबित होता है। इसलिए अनुशासन और एकजुट होकर खेलने की जरूरत पड़ेगी। यदि क्षेत्ररक्षण, गेंदबाजी और बल्लेबाजी आदि सभी में मजबूती होगी तो जीत से कोई नहीं रोक सकता।
यदि एक कड़ी भी कमजोर रही तो विरोधी टीम आसानी से मात दे सकती है। इसलिए सभी क्षेत्रों में एकजुटता की जरूरत होगी। उन्होंने आशा जताई कि टीम रेवाड़ी में अच्छा खेल प्रदर्शन और खेल भावना का परिचय देकर चरखी दादरी का नाम रोशन करेगी। उन्होंने टीम को जीत की अग्रिम बधाई भी दी। इस दौरान बार एसोसिएशन के जिला प्रधान नसीब राणा, उपप्रधान अजय छिकारा, सचिव मनोज जांगड़ा, सहसचिव गौरव प्रेमी, कोषाध्यक्ष पंकज सिंह आदि मौजूद रहे।