जिले में रविवार को 12 कोरोना संक्रमित केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इस वर्ष एक ही दिन में इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना संक्रमित केस मिलने का यह पहला मामला है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से कोराना गाइडलाइन का पालन करने की अपील की है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक बार फिर कोरोना संक्रमण बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए लोग पहले से ज्यादा सतर्कता बरतें। इन सबके बीच जिले के 17 स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को 977 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी टीकाकरण अभियान जारी रहा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार को कोरोना संक्रमित मिले लोगों में 34 वर्षीय युवक दादरी, 27 वर्षीय गांव निवासी महिला,36 वर्षीय गांव निवासी महिला, 24 वर्षीय व्यक्ति गांव निवासी, 25 वर्षीय पुरूष दादरी शहर, 32 वर्षीय पुरूष गांव निवासी, 30 वर्षीय महिला गांव निवासी,32 वर्षीय पुरुष गांव निवासी,36 वर्षीय महिला गांव निवासी,35 वर्षीय महिला गांव निवासी, 50 वर्षीय महिला शहर दादरी शामिल हैं।
इस तरह जिले में अब कोरोना एक्टिव केस की संख्या 38 हो गई है। रविवार को 119 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। अब तक जिला में कुल 142573 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा चुके हैं। जिला में कोरोना से अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 138933 लोगों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। 9576 लोग होम क्वारंटीन हैं। 2652 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं।
वहीं रविवार को 17 स्वास्थ्य केंद्रों में 977 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। प्राइवेट अस्पताल में भी कोरोना टीकाकरण अभियान जारी है। 45 वर्ष आयु से अधिक के लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। रविवार को भी सरकार के निर्देश पर कोरोना के टीके लगाए गए। सर्वाधिक 227 लोगों को सिविल अस्पताल में टीके लगाए गए। पीएचसी इमलोटा में 149 लोगों को टीका लगा गया।सीएचसी झोझू कलां में 130, बलकरा पीएचसी में 30,पीएचसी माईकलां में 65, पीएचसी संतोखपुरा में 29 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
इसी प्रकार पीएचसी मानकावास 10, सीएचसी बौंद कलां 20,पीएचसी रानीला दो और सांवड़ में 50 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। सीएचसी कादमा 75, पीएचसी हड़ोदी 21,पीएचसी बाढड़ा 84,पीएचसी छपार 48 सहित अन्य केंद्रों में 977 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों को मास्क का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। सामाजिक दूरी की पालना करें और दिन में कई बार साबुन आदि से अपने हाथ साफ करें।
- संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ