चरखी दादरी। लोकसभा चुनाव के लिए आगामी 4 जून को होने वाली मतगणना की पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई जाएगी। स्ट्राॅंग रूम से लेकर मतगणना केंद्रों तक की एक-एक गतिविधि को कैमरे में कैद किया जाएगा। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी और ये कार्य 14 मेज पर किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना प्रक्रिया को पूर्ण रूप से पारदर्शी बनाने के लिए संपूर्ण मतगणना प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई जाएगी। उन्होंने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव आयोग के नए निर्देशों का गहनता से अध्ययन करने का निर्देश देते हुए कहा कि छोटी सी गलती भी परेशानी का सबब बन सकती है इसलिए उन्हें मतगणना में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देशों से बाहर जाकर कोई भी कार्य नहीं करना है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव की मतगणना के लिए बनाए गए मतगणना केंद्रों पर जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां की जा रही हैं। मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे शुरू होगा। पोस्टल बैलेट की गिनती का कार्य नारनौल में होगा। दादरी जिला में केवल वोटिंग मशीनों के जरिये मतगणना का कार्य शुरू होगा।
18 राउंड में पूरी होगी दादरी और बाढड़ा की मतगणना
उपायुक्त ने बताया कि 243 मतदान केंद्रों वाले दादरी विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र जनता काॅलेज के लाइब्रेरी हाॅल में और 239 मतदान केंद्रों वाले बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र जेडीकेडीईएस स्कूल के हाॅल में गिनती होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में गिनती के दौरान कुल 18 राउंड होंगे और इसके लिए 14-14 टेबल लगाई जाएंगी।