चरखी दादरी। शहर के वार्डाें में लंबे समय से ठप पड़े विकास कार्य जल्द रफ्तार पकड़ेंगे। इसके लिए एडीसी एवं नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह सभी वार्डाें का दौरा करेंगे। उस दौरान वो पार्षदों से वार्डाें की समस्याएं जानेंगे और प्रत्येक वार्ड में प्राथमिकता से करवाए जाने वाले पांच कार्याें का ब्योरा दर्ज करेंगे। नगर आयुक्त वार्डाें का दौरा इस सप्ताह शुरू करेंगे और दो सप्ताह के अंदर सभी वार्ड कवर करने की योजना है।
बता दें कि पार्षद विकास की मौजूदा रफ्तार से संतुष्ट नहीं है। हर स्तर पर वो अपनी आवाज उठा चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके बाद विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे है। डॉ. जयेंद्र छिल्लर को नगर आयुक्त का चार्ज मिलने के बाद अब विकास कार्याें के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद जगी है। वहीं, नगर आयुक्त ने अपनी नई योजना पार्षदों से साझा कर उम्मीद को और प्रबल कर दिया है।
नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने अब जो योजना तैयार की है उसके अनुसार वो सभी 21 वार्ड में स्वयं पहुंचेंगे। जल्द वार्ड के दौरे की वो शुरुआत करेंगे और उस दौरान पार्षद के अलावा नगर परिषद के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। नगर आयुक्त का कहना है कि दौरे के दौरान पार्षद वो पांच विकास कार्य उन्हें बताए जिन्हें प्राथमिकता से करवाने की दरकार है।
डेढ़ साल के कार्यकाल में करीब दो करोड़ के ही हुए कार्य
नगर परिषद कार्यकारिणी का गठन हुए करीब डेढ़ साल बीत चुका है। इस समय अवधि में विकास कार्याें की गति बेहद धीमी रही है। अब तक नगर परिषद ने शहर में करीब दो करोड़ के ही विकास कार्य करवाए हैं। हालांकि विकास कार्याें की रफ्तार धीमी होने का कारण कई माह तक वित्तीय और भुगतान कमेटी का गठन न होना भी रहा।
पार्षद रख सकेंगे खुलकर अपनी बात
नगर आयुक्त के दौरे का फायदा ये होगा कि पार्षद अपने वार्ड की समस्याओं के साथ विकास कार्याें की मांग खुलकर रख सकेंगे। दरअसल, पार्षदों का एक गुट चेयरमैन पर विकास कार्याें में भेदभाव करने का आरोप लगा चुका है और नगर आयुक्त के दौरे के बाद इस तरह की समस्या नहीं रहेगी।
हर वार्ड का दौरा किया जाएगा। प्रयास रहेगा कि दो सप्ताह के अंदर सभी वार्ड कवर कर लिए जाए। इस दौरान प्रत्येक पार्षद से प्राथमिकता से करवाए जाने वाले पांच कामों का ब्योरा भी मांगा जाए। इसके बाद अन्य कार्य बजट की उपलब्धता अनुसार करवाए जाएंगे।
-डॉ. जयेंद्र छिल्लर, एडीसी एवं नगर आयुक्त