जिले में शनिवार से कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत हो गई है। पहले दिन दादरी सिविल अस्पताल और बाढड़ा पीएचसी में 181 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की डोज दी गई। वैक्सीनेशन की शुरुआत डीसी राजेश जोगपाल की मौजूदगी में की गई। दादरी सिविल अस्पताल के वैक्सीनेशन प्वाइंट पर पहली डोज चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी मुकेश देवी और बाढड़ा पीएचसी में ईएमटी राजेश कुमार को दी गई। दोनों केंद्रों पर शाम पांच बजे तक टीकाकरण अभियान चला। रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को टीकाकरण अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।
सिविल अस्पताल में कोरोना टीकाकरण की शुरुआत सुबह साढ़े 11 बजे की गई। डीसी राजेश जोगपाल और सीएमओ डॉ. सुदर्शन पंवार ने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की वीडियो कांफ्रेंस में भाग लिया। इसके बाद जिले में वैक्सीनेशन की विधिवत शुरुआत की गई। बाढड़ा पीएचसी में एसएमओ डॉ. महेंद्र कुमार की अगुवाई में टीकाकरण किया गया। एसएमओ ने बताया कि बाढड़ा पीएचसी में 99 लोगों का टीकाकरण किया जाना था, लेकिन तीन कर्मचारी गैरहाजिर रहे। पहले दिन जिले में 181 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी गई और किसी की तबीयत नहीं बिगड़ी। सिविल अस्पताल में कोरोना वैक्सीन का दूसरा टीका वैक्सीनेशन प्रोग्राम इंचार्ज डॉक्टर आशीष मान ने लगवाया। पहले दिन जिले में 20 चिकित्सकों समेत, स्टाफ नर्सों, एएनएम और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने टीकाकरण करवाया। टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में उत्साह नजर आया और टीका लगवाने के बाद स्वास्थ्य कर्मी सेल्फी प्वाइंट पर पहुंचकर फोटो खींचवाते नजर आए। डीसी राजेश जोगपाल स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों से संतुष्ट नजर आए और उन्होंने वैक्सीनेशन सेंटर पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
पहले दिन 92.34 प्रतिशत टारगेट किया हासिल
वैक्सीनेशन के लिए दादरी जिले में दो ही प्वाइंट बनाए गए हैं। शनिवार को डीसी राजेश जोगपाल ने संकेत दिए कि जल्द ही जिले में वैक्सीनेशन प्वाइंट बढ़ाए जा सकते हैं। शनिवार को पहले दिन दादरी में 27 महिला और 68 पुरुष कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई गई। वहीं, बाढड़ा में 15 पुरुषों और 81 महिला कर्मचारियों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई। विभाग ने पहले दिन 92.34 प्रतिशत टारगेट हासिल किया।
- कोई छोड़ गया नौकरी तो कोई चल रहा छुट्टी पर
टीकाकरण के दौरान 15 कर्मचारी गैर हाजिर रहे। वैक्सीनेशन इंचार्ज आशीष मान ने बताया कि गैरहाजिर रहने वाले 15 कर्मचारियों में से ज्यादातर आउटसोर्सिंग के तहत लगे हुए थे, जो नौकरी छोड़ चुके हैं। कुछ कर्मचारी ऐसे हैं जो छुट्टी पर चल रहे हैं और इस कारण टीकाकरण के लिए नहीं पहुंच पाए।
टीका लगवाने के बाद भी इन बातों का रखें ख्याल
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना वैक्सीन की दो डोज 28 दिन के अंतराल में दी जाएंगी। वैक्सीन लेने वाले को इसके बाद भी दो गज की दूरी, मास्क, सेनिटाइजर और भीड़भाड़ का हिस्सा न बनने की हिदायतों की पालना करनी होगी।
पहले दिन किसी कर्मी को नहीं हुई परेशानी: सीएमओ
टीकाकरण के पहले दिन दो केंद्रों पर किसी भी स्वास्थ्यकर्मी की तबीयत नहीं बिगड़ी। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन के साथ ही कोरोना के खात्मे की शुरुआत हो गई है।
डॉ. सुदर्शन पंवार, सीएमओ
बेहतर रहीं स्वास्थ्य विभाग की तैयारी
मैंने खुद वैक्सीनेशन प्रक्रिया का जायजा लिया है। स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां बेहतर रहीं। पहले ही दिन 92 प्रतिशत से अधिक टारगेट विभाग ने हासिल कर लिया जो सराहनीय है।
राजेश जोगपाल, डीसी