जिले में कोरोना संक्रमित मिले 15 लोग सोमवार को स्वस्थ होकर घर घर लौटे हैं। यह जिले और संक्रमितों समेत परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। एकसाथ पंद्रह संक्रमित ठीक होने से जिले का रिकवरी रेट बढ़कर पहली बार 79.38 प्रतिशत पहुंच गया है। अब जिले में 19 एक्टिव केस रह गए हैं जबकि एक संक्रमित की मौत भी हो चुकी है।
डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया कि अब तक जिले में 97 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं जिनमें से 77 ठीक हो गए हैं। पंद्रह मरीजों को सोमवार सुबह कोविड-19 अस्पताल से डिस्चार्ज किया है। सोमवार को एक भी कोरोना पॉजिटिव केस सामने नहीं आया। अब जिले में 19 संक्रमित बच गए हैं।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि सैंपल लेने का कार्य तेज कर दिया गया है। इस संबंध में गत दिनों ही डीसी शिवप्रसाद शर्मा ने निर्देश जारी किए थे। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि जो संक्रमित घर लौटे हैं वो अलग-अलग क्षेत्रों के हैं और उन्हें 24 दिन की समायावधि पूरी होने तक घर पर ही क्वारंटीन रहना होगा।
सोमवार को एकसाथ पंद्रह संक्रमित डिस्चार्ज होने के बाद जिले का रिकवरी रेट 15.37 प्रतिशत बढ़ गया। रविवार की अगर बात करें तो 62 संक्रमित ठीक होने पर जिले का रिकवरी रेट 63.91 प्रतिशत था ज सोमवार को बढ़कर 79.38 हो गया।
अब तक 5992 सैंपल भेजे गए पीजीआई
सोमवार तक जिला स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना टेस्ट के लिए 5992 सैंपल पीजीआई भेजे हैं। इनमें से 97 की रिपोर्ट पॉजिटिव और 5804 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सोमवार को 40 सैंपल भेजे गए जबकि 77 सैंपलों की निगेटिव रिपोर्ट विभाग को मिली। 90 सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है।
आइसोलेशन वार्ड में नौ तो क्वारंटीन सेंटर में सात लोग भर्ती
डिप्टी सीएमओ संजय गुप्ता ने बताया कि पंद्रह संक्रमित डिस्चार्ज करने के बाद अब कोविड-19 अस्पताल में नौ संक्रमित बच गए हैं। इनके अलावा सात लोग क्वारंटीन सेंटरों में भर्ती हैं। 1704 लोग होम क्वारंटीन हैं जबकि 1570 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं।
सोमवार को 15 संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। अब तक जिले में 77 संक्रमित कोरोना को मात दे चुके हैं और अब 19 एक्टिव केस हैं।
चंचल तोमर, डिप्टी सीएमओ
=
कोविड अस्पताल जहां से संक्रमितों को डिस्चार्ज किया गया है।