दिल्ली से लौटने वाले 27 लोगों के स्वास्थ्य जांच के बाद शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इनके संपर्क में आए 291 लोगों का स्वास्थ्य भी जांचा। जांच के दौरान सब स्वस्थ मिले और उनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। सरकार की तरफ से स्वास्थ्य जांच के लिए 293 लोगों की सूची भेजी गई थी जिनमें से दो का अभी पता नहीं चल पाया है। सभी लोगों का स्वास्थ्य ठीक होना राहत की बात है। चूंकि कुछ गांवों में इसे लेकर भय का महौल था और वीरवार को ही डीसी और एडीसी सहित एसपी भी ग्रामीणों के बीच पहुंचे थे। वहीं, शुक्रवार को जिला अस्पताल से किसी संदिग्ध का सैंपल नहीं भेजा गया।
चरखी दादरी जिले में अब तक 14 संदिग्धों के सैंपल लेकर जांच के लिए पीजीआई भेजे गए हैं। इनमें से 10 की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है जबकि चार की रिपोर्ट शुक्रवार को पीजीआई से आने की उम्मीद थी लेकिन रिपोर्ट नहीं आई। वहीं, शुक्रवार को एक भी संदिग्ध का सैंपल नहीं भेजा गया। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें फिल्ड में सक्रिय रहीं। विभाग की दो टीमों ने सुबह और शाम शहर की जामा मस्जिद में जाकर वहां क्वारंटीन 16 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और इस दौरान वो स्वस्थ मिले।
डिप्टी सीएमओ संजय गुप्ता ने बताया कि सरकार की तरफ से भेजी गई 293 लोगों की सूची में से 291 लोग ट्रेस कर लिए गए हैं। इन सबकी स्वास्थ्य जांच की गई और इनमें से किसी में लक्षण नजर नहीं आए। उन्होंने बताया कि दिल्ली से लौटे लोगों के संपर्क में आने वाले 293 लोग शहर और जिले के छह गांवों के रहने वाले हैं। इन सभी के घर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और स्वास्थ्य जांच की गई। इन्हें होम क्वारंटीन किया गया है।
गिरफ्तारी या इपाउंड करने की बजाय चालान करने की कार्रवाई
लॉकडाउन के चलते घरों के अंदर ही रहने की अपील के बावजूद लोग अभी भी बेवजह सड़कों पर घुमते नजर आ रहे हैं। प्रशासन सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति घर-घर शुरू करवा चुका है। वीरवार को प्रशासन ने हिदायत जारी की थी कि अगर शुक्रवार को कोई बाहर घुमता मिला तो उसका वाहन इंपाउंड किया जाएगा और चालक की गिरफ्तारी होगी। हालांकि शुक्रवार को ऐसा एक भी मामला सामने नहीं आया। पुलिस विभाग की तरफ से 10 वाहनों के चालान करने की पुष्टि जरूर की गई है।
सुबह तीन घंटे खुली रहेंगे बीज भंडार
किसानों की समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने लॉकडाउन में मेडिकल स्टोर, किराना स्टोर, दुग्ध डेयरी के बाद अब बीज भंडार केंद्रों को सीमित समय तक खोलने की छुट दे दी है। शुक्रवार को शहर में सुबह के समय तीन घंटे बीज भंडार खुले रहे। सुबह आठ से 11 बजे का समय इनके लिए निर्धारित किया गया है।
किस गांव में कितने लोगों का जांचा गया स्वास्थ्य
डिप्टी सीएमओ संजय गुप्ता ने बताया कि सरकार की तरफ से भेजी गई सूची में शामिल 291 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। उन्होंने बताया कि अटेला गांव में 5, डोहका में 9, फतेहगढ़ में 20, मानकावास में 2, पांडवान में 177, चरखी में 116 और शहर में 24 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।