जिले में रविवार को सात और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। संक्रमितों में नूंह डीआरओ और एक बैैैंक का हेड कैशियर भी शामिल है। पांच संक्रमित दादरी शहर के रहने वाले हैं जबकि दो गांवों से हैं। सभी संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस कर लिया है और उनके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। सात नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आने की पुष्टि डिप्टी सीएमओ डॉ. चंचल तोमर ने की है।
डॉ. तोमर ने बताया कि रविवार को सात नए केस आने के बाद जिले में अब संक्रमितों की संख्या 409 हो गई है। उन्होंने बताया कि जिले में एक संक्रमित की मौत हो चुकी है जबकि 250 स्वस्थ हो चुके हैं वहीं, जिले में अब 158 एक्टिव केस हैं। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि जिले में अब सैंपल प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है और एक दिन में अब करीब 1500 सैंपल विभागीय टीमें ले रही हैं।
डॉ. तोमर ने बताया कि रविवार को घिकाड़ा रोड निवासी एवं नूंह में डीआरओ तैनात 38 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि जनता कॉलेज रोड निवासी 16 साल का किशोर भी कोरोना संक्रमित मिला है। इसके अलावा गीता भवन के पिछली तरफ रहने वाली 77 वर्षीय महिला भी संक्रमित पाई गई है। इसके अलावा दीप अल्ट्रासाउंड केंद्र के समीप रहने वाले 35 साल के व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि बादल गांव निवासी 33 साल का व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। घसोला गांव निवासी एवं भिवानी बैंक में हेड कैशियर तैनात 31 साल का व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इनके अलावा चंपापुरी निवासी 24 साल का युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है।
विभाग अब तक ले चुका 21903 लोगों के सैंपल
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि रविवार शाम तक जिले से कोरोना टेस्ट के लिए 21903 लोगों के सैंपल लिए गए हैं जिनमें से 21331 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 170 सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है। चंचल तोमर ने बताया कि 22 लोग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं जबकि 2803 लोग होम क्वारंटीन हैं।
रविवार को सात कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। जिले में अब सैंपल लेने की प्रक्रिया हमने तेज कर दी है और इसके लिए हमारी टीमें डोर-टू-डोर जाकर सैंपल ले रही हैं।
- सुदर्शन पंवार, सीएमओ