जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं। कोरोना संक्रमित व्यक्तियों में एक ग्रामीण सफाई कर्मचारी और दूसरा बीएएमएस का छात्र है। शुक्रवार को दोनो की कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी गांव कादमा का निवासी है और उसकी सतनाली के समीप किसी गांव में ड्यूटी है। सफाई कर्मचारी का कोरोना टेस्ट दादरी सिविल अस्पताल की ओर से करवाया गया था। वहीं, काकड़ोली निवासी बीएएमएस का छात्र अपनी बुआ के पास महेंद्रगढ़ गया था। छात्र की भी सिविल अस्पताल की ओर से जांच करवाई गई थी। दोनो की रिपोर्ट शुक्रवार को आई हैं। दादरी में अब 75 एक्टिव केस हैं। अभी तक आए कुल 215 संक्रमितों में से 139 ठीक हो चुके हैं। 1605 लोग सर्विलांस का समय पूरा कर चुके हैं और 1886 लोग होम क्वारंटाइन में है। 11 लोग आइसोलेशन में हैं। छह लोग क्वारंटाइन सेंटर में हैं। अभी तक टेस्ट के लिए भेजे गए 8970 सैंपल में से 8576 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 179 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।