शरारती तत्वों को कुछ भी गलत करने पर झेलनी पड़ेगी प्रशासन की सख्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। विधानसभा चुनाव में जिले के सभी मतदान केंद्रों की जिला और राज्यस्तर पर निगरानी की जाएगी। वेबकास्टिंग के लिए राज्य नियंत्रण कक्ष और जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां से सभी 484 केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि पूरे हरियाणा प्रदेश में 5 अक्तूबर को मतदान होगा। इसके मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ताकि, कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि न कर सके और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव करवाए जा सकें।
इसे लेकर निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग करवाने के निर्देश दिए हैं। जिलास्तर के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्तर पर सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग के जरिये निगरानी की जाएगी। किसी भी मतदान केंद्र पर मतदान के दिन यदि कोई शरारती तत्व कुछ भी गलत करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।