जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय परिसर भिवानी में धरने पर बैठे ठेकेदार।
चरखी दादरी। जनस्वास्थ्य विभाग के ठेकेदारोंं ने बकाया राशि व अन्य समस्याओं को लेकर कार्यकारी अभियंता के कार्यालय के समक्ष मंगलवार को भी धरना दिया। ठेकेदारों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जबकि विभाग की कार्य शैली पर भी रोष जताया।
यूनियन जिला प्रधान एवं पूर्व चेयरमैन प्रीतम बलाली की अगुवाई में ठेकेदारों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को आठवें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता ठेकेदार पवन कुमार पैंतावास ने की। ठेकेदारों ने मांगाें को लेकर नारेबाजी की।
प्रधान प्रीतम सिंह ने कहा कि विभाग को एक सप्ताह का समय दिया गया है इसके बाद बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। यूनियन जिला प्रधान प्रीतम बलाली ने बताया कि प्रदेश सरकार, आला अधिकारी, विभाग, प्रशासन कोई भी ठेकेदारों की मजबूरी समझने के लिए तैयार नहीं है ऐसे में ठेकेदार सख्त रुख अपनाने के लिए मजबूर हो गए हैं। एक सप्ताह में समाधान न होने पर प्रदेश स्तरीय आंदोलन होगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार व आला अधिकारियों की होगी। आने वाले विधान सभा चुनावों का बहिष्कार भी किया जा सकता है।
धरने में सचिव राजकुमार दूधवा, कोषाध्यक्ष अजय भागवी, उपप्रधान ओमप्रकाश बेरला, राजेश पैतावास, जोगेंद्र मकड़ाना, सोमबीर, राजेंद्र माई कला, ओमप्रकाश महराणा, संदीप शर्मा माई खुर्द, चरण सिंह आदि शामिल हुए।