चरखी दादरी। शहर के महेंद्रगढ़ बाइपास के समीप सड़क किनारे खड़े ट्राले से कंटेनर की टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई। मृतक राजस्थान के सीकर जिले का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर ट्राला चालक पर केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के सीकर जिले के गांव मोढूका निवासी वीर सिंह एक कंटेनर पर चालक के तौर पर कार्यरत था। शुक्रवार को वह कंटेनर में मांढण से लोहे की रील भरकर हिसार के लिए चला था। शनिवार अलसुबह जब वह दादरी के महेंद्रगढ़ चौक के समीप पहुंचा तो सड़क पर खड़े एक ट्राले से कंटेनर की टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर चालक वीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने उसे उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने दादरी सिटी थाना पुलिस और मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक वीर सिंह के भाई विरेंद्र सिंह के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।