चरखी दादरी। काठमंडी क्षेत्र में स्थित राजकीय प्राइमरी पाठशाला के छात्रों को तीन वर्षों की असुविधा के बाद अब नए भवन की सौगात मिलने जा रही है। शिक्षा विभाग ने स्कूल के लिए नया भवन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी लागत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्रस्तावित भवन में 6 कमरे और चहारदीवारी का निर्माण किया जाएगा। लघु सचिवालय के समीप स्थित इस स्कूल का पुराना भवन तीन साल पहले जर्जर हालत के चलते गिरा दिया गया था। तब से स्कूल के 155 छात्र-छात्राएं पास ही स्थित पीएमश्री कन्या विद्यालय के एक कमरे, बरामदे और मंच पर बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। यह स्थान सभी बच्चों के लिए बेहद असुविधाजनक था, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था। स्थिति यह थी कि एक ही कमरे में दो से तीन कक्षाओं के विद्यार्थियों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जाता था। बच्चों का ध्यान पढ़ाई से ज्यादा बैठने की जगह ढूंढने में लगा रहता था।
बाल वाटिका के छोटे बच्चे भी इन्हीं स्थानों पर बैठते थे, जिससे अव्यवस्था और बढ़ जाती थी। स्कूल स्टाफ और प्रबंधन ने कई बार नए भवन की मांग को लेकर उच्च अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पाई थी। इससे अभिभावकों में भी नाराजगी देखने को मिल रही थी।
अभिभावक दाखिला दिलवाने में नहीं ले रहे थे रुचि
राजकीय प्राइमरी पाठशाला का भवन तोड़ने के बाद पीएमश्री कन्या स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के लिए कमरे आवंटित किए गए थे। ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों का यहां दाखिला दिलवाने में रुचि नहीं ले रहे थे। स्टाफ सदस्यों की मेहनत और अभिभावकों को समझाने के बाद ही बच्चों की संख्या 155 तक पहुंच पाई थी।
टाट पट्टी पर बैठ पढ़ाई करते थे बच्चे
काठमंडी स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या में प्राइमरी स्कूल के बच्चों के लिए एक कमरा, बरामदा व मंच दिया गया था। ऐसे में सर्दी और बारिश के मौसम में बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वहीं जगह कम होने के कारण बेंच भी नहीं दिए गए थे। ऐसे में बच्चों को टाट पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
राजकीय प्राइमरी पाठशाला में भवन निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया गया है। लगभग एक करोड़ की राशि से 6 कमरों के अलावा स्कूल की चहारदीवारी का निर्माण करवाया जाएगा। संबंधित एजेंसी को कार्य पूरा करने के लिए 9 माह का समय दिया गया है।
- राजकुमार शर्मा, जेई, शिक्षा विभाग।