विधायक सोमबीर सांगवान को ज्ञापन सौंपते कंप्यूटर ऑपरेटर।
चरखी दादरी। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ जिला इकाई ने सोमवार को दादरी विधायक सोमबीर सांगवान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिये उन्होंने एसोसिएशन की लंबित मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई।
जिला प्रधान अजय श्योराण ने बताया कि सोमवार को नौवें दिन भी कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल जारी है। जबकि सरकार उनकी मांगों पर कोई संज्ञान नहीं ले रही। सरकार के इस रवैये को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जाहिर की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह, प्रदेश प्रेस सचिव रविराज, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बबीता शर्मा व देवेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अजीत सांगवान, जिला मंत्री विकास शर्मा आदि मौजूद रहे।
कंप्यूटर ऑपरेटर्स की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही सरकार : डॉ. मनीषा
चरखी दादरी। सरकार कंप्यूटर ऑपरेटर्स की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही, जबकि 256 से ज्यादा सेवाएं उनकी हड़ताल के चलते प्रभावित होने से आमजन परेशान हैं। ये बात कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डाॅ. मनीषा सांगवान ने प्रेस को जारी बयान में कही।
उन्होंने कहा कि सरकार ऑपरेटर्स की मांगों का जल्द समाधान कर आमजन को राहत दिलाए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है जबकि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। शिक्षित युवा दर-दर की ठोकरें खाने को विवश हैं, लेकिन उन्हें रोजगार मुहैया नहीं करवाया जा रहा ळै। इसके अलावा बारिश न होने पर किसान बिजाई नहीं कर पा रहे जबकि सरकार दादरी जिले को सूखाग्रस्त घोषित नहीं कर रही।