संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिला पुलिस ने शहर के कॉलेज रोड से अब दिन के अलावा रात को भी भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया है। एसपी नितिका गहलोत ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। इतना ही नहीं क्रशर जोन से निकलते ही पुलिस ने भारी वाहनों के रूट डायवर्ट करवाने शुरू कर दिए है। इसके लिए बाकायदा विशेष नाके लगाए गए हैं।
बता दें कि शहर के काॅलेज रोड, महेंद्रगढ़ चुंगी, वाल्मीकि नगर आदि क्षेत्रों से अब दिन के साथ रात को भी भारी वाहन नहीं गुजर सकेंगे। इसके लिए पुलिस विभाग ने पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है। जिले के विभिन्न क्रशर जोन से निकलने वाले भारी वाहनों के रूट निर्धारित कर दिए गए हैं। रूट की अवहेलना करने पर संबंधित भारी वाहन का नियमानुसार चालान किया जाएगा। वाहन चालकों को रूट की जानकारी देने के लिए जगह-जगह सूचना बोर्ड व नो एंट्री से संबंधित बोर्ड भी लगवा दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत ने बताया कि झोझू, कलाली व कलियाणा क्रशर जोन से निकलने वाले भारी वाहन झोझू से आदमपुर डाढ़ी, मंदोला, मंदोली, घसौला, महेंद्रगढ़ चौक होते हुए लोहारू चौक, उत्सव वाटिका, रावलधी बाईपास, रावलधी नाका से रोहतक रोड की तरफ प्रस्थान करेंगे। इसी प्रकार अटेला, पिचौपा, बिरही कलां व मानकावास क्रशर जोन से निकलने वाले भारी वाहन भी दादरी के लोहारू चौक से होते हुए रावलधी नाका से रोहतक रोड की तरफ आवागमन कर सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत ने कहा कि कई बार देखा जाता है कि भारी वाहन गांवों के लिंक रोड से होते हुए भी गुजरते हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में हादसों की संभावना बनी रहती है। अब भारी वाहन गांवों के लिंक रोड से भी नहीं गुजर सकेंगे। उन्हें मुख्यमार्गों से ही गुजरना होगा। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों पर यदि कोई विशेष मार्का लगा हुआ पाया गया तो संबंधित वाहन का भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किया जाएगा।
- 23 जगहों पर पुलिस ने की नाकाबंदी
एसपी नितिका गहलोत ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 23 जगहों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर दिन-रात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वो तीन शिफ्ट में यहां ड्यूटी देंगे।
वर्जन:
भारी वाहनों के गुजरने के कारण सड़कों पर काफी धूल उड़ती है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतें होती है। अब भारी वाहन दादरी शहर व रूट से अलग गांवों में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इससे काफी लोगों को धूल व अन्य परेशानियों से निजात मिलेगी।
-नितिका गहलोत, एसपी, चरखी दादरी