फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: कॉलेजों में दाखिले के लिए अंतिम तिथि बढ़ी, 12 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

Mon, 06 Jul 2026 01:45 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने दाखिला प्रक्रिया की समय सीमा बढ़ाते हुए नया शेड्यूल जारी कर दिया है। अब विद्यार्थी 12 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग के इस निर्णय से उन विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा जो किसी कारणवश निर्धारित समय के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे।
विज्ञापन

ऑनलाइन आवेदन करने के बाद 13 जुलाई को विद्यार्थियों को ओटीपी आधारित संपादन (एडिटिंग) का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र में यदि कोई त्रुटि रह गई है तो उसे सुधार सकेंगे। इसके बाद 14 जुलाई को विद्यार्थियों को आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति (ऑब्जेक्शन) दूर करने का मौका मिलेगा ताकि पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन बिना किसी परेशानी के आगे की प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

18 तक कॉलेजों में होगा सत्यापन
उच्चतर शिक्षा विभाग के अनुसार, 18 जुलाई तक संबंधित कॉलेजों में प्राप्त आवेदनों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) किया जाएगा। इस दौरान कॉलेज प्रशासन विद्यार्थियों के दस्तावेजों और आवेदन में दर्ज जानकारी की जांच करेगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 जुलाई को सभी पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी जिससे विद्यार्थियों को अपनी पात्रता की जानकारी मिल सके।
विज्ञापन


21 को लगेगी पहली मेरिट लिस्ट
दाखिला प्रक्रिया के अगले चरण में 21 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 22 जुलाई को पहली फाइनल मेरिट सूची प्रकाशित होगी। पहली मेरिट सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम आएगा, वे 23 जुलाई से निर्धारित प्रक्रिया के तहत कॉलेज में फीस जमा कर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे।

28 को जारी होगी दूसरी लिस्ट
यदि पहली मेरिट सूची के बाद सीटें खाली रहती हैं तो विभाग दूसरी मेरिट सूची जारी करेगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 28 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची और 29 जुलाई को दूसरी फाइनल मेरिट सूची जारी की जाएगी। दूसरी मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थी 30 जुलाई से 3 अगस्त तक फीस जमा कर अपना प्रवेश पूरा कर सकेंगे।

4 अगस्त से ओपन काउंसलिंग में होंगे दाखिले
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेरिट सूची के दोनों चरण पूरे होने के बाद यदि कॉलेजों में सीटें रिक्त रहती हैं तो उनका दाखिला ओपन काउंसलिंग के माध्यम से किया जाएगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 4 अगस्त से शेष सीटों पर ओपन काउंसलिंग के जरिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थी सीधे संबंधित कॉलेज में पहुंचकर उपलब्ध सीटों के अनुसार दाखिला ले सकेंगे।



विद्यार्थी निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखें और आवेदन से लेकर दस्तावेज सत्यापन, मेरिट सूची तथा फीस जमा करने की प्रत्येक प्रक्रिया समय पर पूरी करें। किसी भी चरण में निर्धारित समयसीमा चूकने पर संबंधित अभ्यर्थी का दाखिला प्रभावित हो सकता है।
विज्ञापन

- जेएस मोर, उच्चतर शिक्षा अधिकारी, दादरी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें