जिले में हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप जारी है। रविवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री और गिर गया। अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम तीन डिग्री रविवार को दर्ज किया गया। ठंड से आम जन जीवन प्रभावित रहा। रविवार को छुट्टी के बावजूद लोग घरों में दुबके रहे और बाजार सुनसान बने रहे। आगामी दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान नीचे जाने से ठंड बढ़ने के आसार हैं। शनिवार की अपेक्षा रविवार को न्यूनतम तापमान तो स्थित रहा, लेकिन अधिकतम तापमान 14 से एक डिग्री नीचे गिरकर 13 पर पहुंच गया।
क्षेत्र में शीत लहर का प्रकोप थम नहीं रहा हैै। सुबह हल्का कोहरा छाया, उसके बाद छह किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवा चली। हवा चलने पर मौसम में ठंडक बढ़ गई और शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया। दिनभर लोगों के हाड़ कंपकंपाते रहे। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। रविवार दिन में अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम तीन डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तीन डिग्री दर्ज हुआ था। अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरा है। ठंड में यातायात सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को आने- जाने में ज्यादा दिक्कत बन रही है। सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस भी जागरूकता अभियान चला रही है।
स्वास्थ्य के लिहाज से ठंड काफी नुकसानदायक माना जा रहा है। चिकित्सकों का मानना है कि कम तापमान में रक्तचाप पर प्रतिकूल असर पड़ता है। ऐसे में हृदय एवं श्वास रोगियों के लिए ठंड में सावधानी बरतना जरूरी है। चिकित्सकों के अनुसार सुबह की सैर करते हुए गर्म वस्त्र पहनें। पूरा शरीर ढंकना चाहिए। खानपान में गर्म चीजों का प्रयोग करें। तले हुए खाद्य पदार्थों का सेवन न किया जाए। इनसे पेट की आंतों पर दुष्प्रभाव पड़ता है। ठंड में वसा एवं चिकनाई का संतुलित मात्रा में ही सेवन करें। शीतल पेय पदार्थाें से बचें। मधुमेह के रोगी अपनी दिनचर्या का विशेष ख्याल रखें। दिन में दो से तीन बार हल्का एवं सुपाच्य भोजन लें।
कोहरे से फसलों को नहीं होगा नुकसान
कोहरे को रबी की फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश का कहना है कि सामान्य से कम तापमान फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। ठंड में पौधे का विकास एवं वृद्धि संतुलित रूप में होती है। कोहरे से फसलों में कोई नुकसान नहीं होता। बर्फ एवं पाला से नुकसान पहुंचता है।
बच्चे आ रहे ठंड की चपेट में
तापमान में गिरावट का दौर जारी है और इसके साथ ही ठंड बढ़ती जा रही है। खासकर पांच साल तक के बच्चों पर ठंड का असर अधिक पड़ रहा है। बच्चों में खांसी-जुकाम, बुुुखार और आंखों से पानी बहने की समस्या बनी हुई है। अहम बात तो ये है कि दादरी जिले के सिविल अस्पताल में पीडिट्रिशियन तक नहीं है और लोग प्राइवेट अस्पतालों में जाने को विवश हैं। सीएमओ विरेंद्र यादव ने बताया कि इस मौसम में बच्चों का विशेष ख्याल रखना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड लगने की आशंका अधिक रहती है।
पिछले एक सप्ताह में ये रहा तापमान में उतार-चढ़ाव
तारीख - अधिकतम तापमान - न्यूनतम तापमान
29 दिसंबर - 13 - 03
28 दिसंबर - 14 - 03
27 दिसंबर - 14 - 03
26 दिसंबर - 14 - 04
25 दिसंबर - 14 - 06
24 दिसंबर - 15 - 06
23 दिसंबर - 17 - 07