निरीक्षण के दौरान स्टाफ को निर्देश सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार।
चरखी दादरी। सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने शुक्रवार सुबह सिविल अस्पताल की पुरानी ओपीडी विंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की तैनाती जांची और मरीजों से सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने जल्द से जल्द सिविल अस्पताल में ब्लड बैंक शुरू करने के निर्देश भी दिए।
सुबह करीब 11 बजे सीएमओ ने निरीक्षण शुरू किया। पहले वो ओपीडी काउंटर पर पहुंचे और वहां की व्यवस्थाएं जांची। इसके बाद सीएमओ ने दवा काउंटर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने सिविल अस्पताल में मौजूद मरीजों से सेवाओं को लेकर बातचीत की। हालांकि ज्यादातर मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को ठीक बताया।
मरीजों से फीडबैक लेने के बाद सीएमओ नवनिर्मित ब्लड बैंक पहुंचे और यहां की गई व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान सीएमओ ने ब्लड बैंक शुरू करने में आ रही अड़चनों के बारे में भी स्टाफ से बातचीत की। निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक को लेकर हुई बातचीत पर सीएमओ ने बताया कि ब्लड बैंक शुरू करने के लिए चिकित्सक की ट्रेनिंग शेष है और इसके लिए मुख्यालय को पत्र लिख दिया है। ट्रेनिंग तारीख तय होते ही चिकित्सक को भेजा जाएगा और इसके तुरंत बाद लाइसेंस के लिए आवेदन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रयास है कि जल्द से जल्द ब्लड बैंक शुरू कर दिया जाए। सिविल अस्पताल में करीब 500 यूनिट भंडारण क्षमता का ब्लड बैंक खोला जाना है।
- निरोगी हरियाणा मुहिम की ली जानकारी
सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान निरोगी हरियाणा मुहिम के तहत लगाए जा रहे विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर की अपडेट भी ली। इस दौरान स्टाफ ने उन्हें निरोगी हरियाणा मुहिम के तहत की गई मरीजों की स्वास्थ्य जांच का ब्योरा उपलब्ध कराया।
सुविधाएं और व्यवस्थाएं जांचने के लिए शुक्रवार को ओपीडी विंग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मरीजों से बातचीत कर फीडबैक लिया गया जबकि ब्लड बैंक शुरू करने के लिए स्टाफ को निर्देश दिए गए।
-डॉ. कृष्ण कुमार, सीएमओ, चरखी दादरी