संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। लघु सचिवालय सभागार में सोमवार को नगराधीश आशिष सांगवान ने सीएम विंडो की समीक्षा बैठक ली। इसमें उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का निपटान निर्धारित समय में करने और मौजूदा प्रदर्शन में सुधार के निर्देश दिए।
आशिष सांगवान ने कहा कि सीएम विंडो मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है। सभी अधिकारी सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लें। इनका समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें। हर रोज अपना पोर्टल चेक करें और समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें। सीएम विंडो से संबंधित प्रदर्शन में सुधार लाएं। इस कार्य में किसी भी सूरत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त के निर्देश पर नगराधीश आशीष सांगवान ने जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर सीएम विंडो की समीक्षा की और कहा कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ को निर्देश जारी करें। वे प्रतिदिन सीएम विंडो को एक बार अवश्य खोलकर देखें। शिकायत मिलते ही उसका प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करें। उसे ओवरड्यू न होने दें। जो भी एक्शन टेकन रिपोर्ट बनाएं, वह मजबूत और संतोषजनक होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी व कर्मचारी सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों को रिव्यू करें। इसको केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखें, बल्कि, स्वयं संज्ञान लेकर उस समस्या का समाधान करें। शिकायतकर्ता को भी संतुष्ट करें। जिन विभागों की शिकायत ज्यादा पेंडिंग हैं, उनका जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
कहा कि कई शिकायतें ऐसी होती हैं, जिसमें एक से ज्यादा विभागों की जरूरत होती है, इसलिए मात्र पत्राचार न करके, फोन या बैठक से आपसी तालमेल के साथ उस समस्या का समाधान करें।