मौके पर खड़ी जेसीबी जिसे जब्त किया गया।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में संयुक्त टीम ने मंगलवार को गांव महराणा की सीमा में रेलवे लाइन के समीप किए जा रहे रेत के अवैध खनन पर कार्रवाई की। टीम ने यहां से एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से रेत का अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के गांव महराणा की सीमा में रेलवे लाइन के समीप रेत का अवैध खनन किया जाता है। इस आधार पर मंगलवार को उप निरीक्षक अनूप सिंह की अगुवाई में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता दादरी पहुंचा। यहां से गुप्तचर विभाग, माइनिंग विभाग और आरटीए टीम को साथ लेकर संबंधित जगह पर दबिश दी गई। टीम जब वहां पहुंची तो तीन वाहन (एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर) रेत का अवैध खनन करते मिले। इस पर संज्ञान लेते हुए खनन और आरटीए विभाग ने इन वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद टीम इन्हें आरटीए के बाड़े में ले आई। उप निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई थी।
- 15 दिन पहले रावलधी के समीप पकड़ा था ऐसा ही मामला
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में 17 अक्तूबर को भी संयुक्त टीम ने ऐसी ही कार्रवाई की थी। उस दौरान रावलधी गांव की सीमा में रेत का अवैध खनन होता पाया मिला था। टीम ने कार्रवाई करते हुए वहां से भी एक जेसीबी, दो ट्रैक्टर और एक डंपर को जब्त किया था।
आरटीए बाड़े में खड़े ट्रैक्टर और ट्रॉली में भरा रेत।- फोटो : CharkhiDadri