शहर के रोहतक चौक पर सरकार का पुतला फूंक विरोध जताते क्लर्क।
चरखी दादरी। क्लर्काें ने हड़ताल के 31वें दिन सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। शुक्रवार को सुबह नौ बजे जिलाभर के क्लर्क लघु सचिवालय में धरना स्थल पर एकत्रित हुए। लघु सचिवालय से बस स्टैंड तक पुतले की शव यात्रा निकाली गई। बस स्टैंड से वापस रोहतक चौक पर पहुंचकर सरकार का पुतला फूंका गया।
क्लर्काें ने विरोध-प्रदर्शन के दौरान हरियाणा सरकार मुर्दाबाद, हमारा हक लेकर रहेंगे तथा वोट फोर 35400 के नारे लगाते हुए विरोध जताया। वहीं क्लर्क अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को ब्लैक डे मनाएंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि सभी क्लर्क काले कपड़े पहनकर सरकार का विरोध जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से तीन दौर की वार्ता कराई जा चुकी है। लेकिन अभी तक मांग को लेकर कोई समाधान नहीं किया गया है। सोमवार को प्रदेश एसोसिएशन के आह्वान पर आंदोलन की आगामी रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं शुक्रवार को जगत सिंह, अतुल डागर, अरविंद, अतुल चाहर व पवन भूख हड़ताल पर बैठे। सुबह नौ बजे एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने साथियों को फूल मालाएं पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया। भूख-हड़ताल में शामिल पांचों क्लर्क विरोध-प्रदर्शन में भी शामिल हुए।