संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिला के हर गांव और शहर के वार्ड में प्रति माह की दो तारीख को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। समाज में सभी वर्गाें व जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर स्वच्छता की मुहिम चलाई जाए। इसे महज सरकारी औपचारिकता न बनाकर एक जनअभियान के रूप में चलाया जाए। स्वच्छ भारत मिशन की प्रदेश स्तरीय टास्क फोर्स के वाइस चेयरमैन सुभाषचंद्र ने बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में स्वच्छ भारत मिशन के जिलास्तरीय कार्यकारी दल की बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि गांवों के सभी घरों में शौचालय साफ-सुथरे बने होने चाहिए और उनका नित्य प्रयोग किया जाए। कोई भी व्यक्ति घर से बाहर खुले में शौच ना करें। जिन गांवों मेें सामुदायिक शौचालय बनवाए गए हैं, उनको साफ रखा जाए और वहां पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दो अक्तूबर की तर्ज पर अब हर माह की दो तारीख को सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिले का हर एक बड़ा अधिकारी एक गांव को गोद लेकर वहां की सफाई व्यवस्था की कमान संभाले।
बैठक में वाइस चेयरमैन सुभाषचंद्र ने कहा कि जिले के सभी गांवों को ओडीएफ प्लस बनाया जाए। जहां शत-प्रतिशत घरों में शौचालय, ठोस व तरल कचरा प्रबंधन के लिए शेड व छोटे तालाब बने हुए हो। इस अवसर पर गोवर्धन योजना की भी समीक्षा की गई, जिसमें गोबर के गैस प्लांट बनाए जाते हैं। बैठक में दादरी शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी वाइस चेयरमैन ने निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा सरकार का एक महती कार्यक्रम है और इसमें सभी लोगों को अपनी भागीदारी करनी चाहिए। नगरपरिषद चेयरमैन बक्शी सैनी ने कहा कि दादरी शहर को स्वच्छ बनाने के लिए अथक प्रयास किए जा रहे हैं।
- ये रहे मौजूद
बैठक में जिला परिषद के सीईओ अजय चोपड़ा, शिक्षा परियोजना अधिकारी जलधीर कलकल, नगरपरिषद के अभियंता मुकेश कुमार, पंचायती राज के एसडीओ श्यामलाल, सफाई निरीक्षक विकास, अशोक एससीपीओ, सविता, तेजपाल चौहान आदि उपस्थित रहे।