संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई कर रहे किसान नेता राकेश टिकैत के आंसुओं ने जिले की खापों और संगठनों के पदाधिकारियों को झकझोर कर रख दिया है। सरकार की सख्ती के बावजूद टिकैत गाजीपुुर बॉर्डर पर टिके रहे और उनके इस साहस की फौगाट खाप-19 ने सराहना की है। शुक्रवार सुबह बाबा स्वामी दयाल पर आयोजित सर्व जातीय पंचायत में राकेश टिकैत का हर तरह से सहयोग करने का निर्णय लिया गया।
पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि कादमा कांड में राकेश टिकैत के पिता महेंद्र सिंह टिकैत मदद के लिए किसानों के काफिले के साथ आए थे। दादरी क्षेत्र की जनता उनके इस कर्ज को राकेश टिकैत की मदद करके उतारने का प्रयास करेगी।
खाप फौगाट-19 प्रधान बलवंत नंबरदार ने कहा कि 30 जनवरी से जिले के किसानों का गाजीपुर बॉर्डर कूच करने का सिलसिला शुरू होगा, जोकि अगले तीन दिन तक जारी रहेगा। उन्होंने पंचायत में कहा कि प्रत्येक गांव से ट्रैक्टरों में बैठकर किसान गाजीपुर बॉर्डर जाएंगे। प्रत्येक ट्रैक्टर में किसान अपने साथ भरपूर रसद भी लेकर जाएंगे। इसके लिए गांव वाइज ड्यूटियां भी लगाई जाएंगी।
पंचायत को संबोधित करते हुए विनोद मौड़ी ने कहा कि खाप पदाधिकारियों ने अप्रिय घटना का अंदेशा होने पर वीरवार रात साढ़े 12 बजे डीसी से मुलाकात करने का जो निर्णय लिया वो सराहनीय है। इससे खाप फौगाट के अनुशासन का पता चलता है। वहीं, पार्षद प्रतिनिधि विरेंद्र चरखी ने कहा कि शहर के सभी पार्षद खाप के साथ हैं और किसान आंदोलन को मजबूत करने के लिए जो ड्यूटी लगाई जाएंगी उनका निर्वहन करने के लिए तैयार है। लीला समसपुर ने कहा कि अब निर्णायक लड़ाई लड़ने का समय है और किसान इससे पीछे नहीं हटेंगे। कृष्ण फौगाट ने युवा वर्ग की तरफ से खाप पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जो निर्णय खाप की सरदारी लेगी वो जिले के युवाओं को मंजूर है।
लाल किला प्रकरण को बताया भाजपा का षड्यंत्र
अन्नदाता किसान यूनियन के प्रधान रामकुमार टिकान ने कहा कि 26 जनवरी को लाल किला पर लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली जो घटना हुई, वो भाजपा का रचा गया षड्यंत्र है। इसके अलावा खाप प्रवक्ता शमशेर फौगाट खातीवास और प्रधान बलवंत नंबरदार समेत अन्य ने भी इस प्रकरण के लिए भाजपा को ही जिम्मेदार बताया।
आज सुबह दस बजे समसपुर टी-प्वाइंट पर एकत्र होंगे किसान
खाप फौगाट बलवंत नंबरदार ने पंचायत में कहा कि शनिवार से गामजीपुर बॉर्डर कूच का सिलसिला शुरू होगा। सुबह करीब दस बजे किसान ट्रैक्टरों में सवार होकर शहर के समसपुर टी-प्वाइंट पर एकत्र होंगे और फिर वहां से गाजीपुर बॉर्डर के लिए कूच करेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील कि है कि वो अनुशासन में रहकर ही किसान आंदोलन को मजबूत करें।
हर गांव में भाजपा-जजपा नेताओं के प्रवेश पर होगा विरोध
खाप प्रधान नंबरदार ने बताया कि खाप कार्यकारिणी ने सर्व जातीय पंचायत में जजपा-भाजपा के किसी नेता को दादरी क्षेत्र के गांवों में न घुसने देने की निर्णय भी लिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि इसके लिए प्रत्येक गांव में बोर्ड भी लगाया जाएगा और इसके बाद भी अगर कोई नेता गांव में घुसने की हिमाकत करें तो ग्रामीण उसके कपड़े उतारकर वापस भेजेंगे।
ये रहे पंचायत में मौजूद
सर्व जातीय पंचायत में हरियाणा सब्जी मंडी एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन जांघू, नप वाइस चेयरमैन बबलू श्योराण, पार्षद विरेंद्र पप्पू, पार्षद प्रतिनिधि एडवोकेट विक्रम श्योराण, ढाणी फौगाट सरपंच मंदीप फौगाट, खाप सचिव सुरेश फौगाट, रावलधी सरपंच प्रतिनिधि राजेश पोले समेत विभिन्न गांवों के सरपंच और खाप के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।