चरखी दादरी। सीआईटीयू राज्य कार्यकारिणी के फैसले के अनुसार जिला कमेटी की ओर से वोटों की कथित कटौती के विरोध में गांव चरखी और भैरवी में प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार के पुतले भी फूंके गए। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला संयोजक राजकुमार घिकाड़ा ने की, जबकि संचालन जिला सह संयोजक कमलेश भैरवी ने किया।
किसान सभा के जिला प्रधान रणधीर कुंगड़ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर देश में गलत तरीके से वोट काटे गए हैं। उनके अनुसार, पूरे भारत में अब तक करीब 13.97 करोड़ वोट काटे जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की शह पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने संविधान को ताक पर रखकर यह कदम उठाया है। इससे देश की कानून व्यवस्था और आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकार प्रभावित हुए हैं।
रणधीर कुंगड़ ने मांग की कि ज्ञानेश कुमार तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि सरकार को उन्हें पद से हटाकर कार्रवाई करनी चाहिए और गलत तरीके से काटे गए वोटों को दोबारा जोड़ा जाना चाहिए। प्रदर्शन में मास्टर ताराचंद, ओम नंबरदार, आंगनबाड़ी वर्कर सरोज, चंद्रमुखी, प्रेम देवी, भूप सिंह, बबली, गीता, सुनीता पंच, राजो, सुमन, सुनीता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।