चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने गांव बिरही कलां क्रशर जोन के रास्ते से एक युवक को अवैध हथियार के साथ काबू किया है। युवक के पास से एक देशी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीआईए स्टाफ की एक टीम रविवार को गांव बिरही बस अड्डे के समीप गश्त कर रही थी। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ गांव बिरही कलां से क्रशर जोन की तरफ गया है। जिस पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां पक्के रोड से क्रशर जोन की तरफ जाने वाले रास्ते के समीप टीम को एक युवक सूचना के अनुसार बताए गए कपड़े पहने हुए दिखाई दिया।
शक के आधार पर टीम ने उसे काबू किया। इस दौरान तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्तौल व दो कारतूस बरामद हुए। युवक उक्त हथियार के संबंध में लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। युवक की पहचान गांव बिरही कलां निवासी मोहित के रूप में हुई है। दादरी सदर थाना पुलिस ने शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।