मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के निरीक्षण के दौरान कक्षा में मौजूद विद्यार्थी।
बौंदकलां। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में गुप्तचर और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के एक निजी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल परिसर में कक्षाएं लगी मिलीं जबकि सरकार की ओर से शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। सरकार के आदेश की अनदेख करने पर आगामी कार्रवाई शिक्षा विभाग की ओर से की जाएगी जबकि टीम ने निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी है।
निरीक्षण करने पहुंची टीम में शामिल एक कर्मचारी ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को गुप्त सूचना मिली थी क्षेत्र के एक निजी स्कूल में शीतकालीन अवकाश के आदेश का उल्लंघन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता बौंदकलां पहुंचा। यहां से गुप्तचर विभाग व खंड शिक्षा अधिकारी राजबाला को साथ लेकर उक्त स्कूल में दबिश दी गई।
टीम जब स्कूल परिसर पहुंची तो वहां संचालक हाजिर मिला। इसके बाद संचालक को साथ लेकर कक्षाओं का निरीक्षण किया गया। अहम बात ये रही कि अवकाश के बावजूद स्कूल में कक्षाएं लगी मिलीं। टीम में शामिल अधिकारी ने बताया कि इसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को दे दी गई है जबकि आदेश की अनदेखी करने पर आगामी कार्रवाई शिक्षा विभाग की ओर से की जाएगी।