चरखी दादरी। बिना मार्केट फीस और जीएसटी भरे ऑयल मिल में सरसों पहुंचाने का एक प्रयास मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने बुधवार को विफल कर दिया। टीम ने मिल में 100 क्विंटल सरसों उतारने की फिराक में खड़े एक ट्रैक्टर को पहले ही पकड़ा लिया। ट्रैक्टर ओवरलोड पाया गया और इसका चालान करने के साथ मार्केट फीस और जीएसटी भी भरवाई गई। एक सप्ताह के अंदर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने इस तरह का यह दूसरा मामला पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि सरसों से लोड एक ट्रैक्टर खड़ा है जो चिड़िया रोड स्थित मकड़ानिया ऑयल मिल में खाली होना है। इस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने गुप्तचर विभाग, मार्केट कमेटी, जीएसटी और आरटीए टीम को साथ लेकर बताई गई जगह पर दबिश दी।
वहां टीम को सरसों से लोड एक ट्रैक्टर मिला। जांच करने में पर ट्रैक्टर में 100 क्विंटल सरसों पाई गई। आरटीए विभाग ने ट्रैक्टर ओवरलोड मिलने पर 51500 रुपये का चालान किया जबकि मार्केट कमेटी अधिकारियों ने 7000 रुपये मार्केट फीस भरवाई। इसके अलावा कर चोरी पर जीएसटी टीम ने 53 हजार रुपये का चालान किया। विभिन्न टीमों ने कुल 1,11,500 रुपये का जुर्माना लगाया। आरटीए टीम ने जुर्माना अदा न करने पर ट्रैक्टर को बाड़े में खड़ा करवा दिया।
- 6 अप्रैल को पकड़ी थी मिल में पिकअप
इसी माह छह अप्रैल को भी मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने इसी प्रकार सरसों से भरी एक पिकअप पकड़ी थी। पिकअप में 25 क्विंटल सरसों मिली थी। आरटीए विभाग ने पिकअप ओवरलोड मिलने पर साढ़े 25 हजार रुपये का चालान किया था। वहीं, मार्केट कमेटी अधिकारियों ने 1775 रुपये मार्केट फीस भरवाई थी। इसके अलावा जीएसटी टीम ने 14356 रुपये का चालान किया था।