संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में गठित संयुक्त टीम ने बुधवार को सरसों व सेनेटरी के सामान से लदे दो वाहनों पर कार्रवाई की। दोनों वाहनों को टीम ने अलग-अलग जगह पर पकड़ा। इन पर मार्केट कमेटी व जीएसटी टीम ने 1.66 लाख रुपये जुर्माना लगाया।
टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ते का गुप्त सूचना मिली थी कि सरसों से लदा ट्रक चिड़िया नाका से होकर गुजरेगा। ट्रक में लोड सरसों की मार्केट फीस और जीएसटी नहीं भरी गई है। उड़नदस्ते ने मार्केट कमेटी सचिव व गुप्तचर विभाग की टीम को साथ लेकर सरसों से लदे ट्रक को रुकवा लिया। इस दौरान ट्रक अंडरलोड मिला। इस दौरान मार्केट कमेटी की ओर से 14375 रुपये और एईटीओ की ओर से जीएसटी चोरी करने पर 1.15 लाख रुपये जुर्माना किया। इस प्रकार उक्त सरसों से भरे ट्रक पर कुल 129375 रुपये जुर्माना किया गया।
इसके बाद टीम ने सेनेटरी के सामान से लदी पिकअप को रुकवा लिया। चालक जीएसटी टीम मे समक्ष कागजात पेश नहीं कर पाया और 36950 रुपये का जुर्माना किया गया।