संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में संयुक्त टीम ने सरसों से भरे दो ट्रक पकड़े हैं। दोनों वाहनों पर करीब 2.78 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। बताया जा रहा है कि दोनों ट्रकों में राजस्थान से सरसों लाई गई थी।
टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि राजस्थान से सरसों से भरे ट्रक दादरी अनाज मंडी में सरकारी रेट पर बेचने के लिए आ रहे है। इस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के नेतृत्व में मार्केट कमेटी सह सचिव विकास कुमार, एईटीओ आशुकेश गुप्ता व गुप्तचर इकाई की एक संयुक्त टीम बनाकर रेड की गई। रावलधी चौक पर दो ट्रक सरसों से भरे मिले। जीएसटी टीम ने दोनों ट्रकों पर 2.49 लाख रुपये जुर्माना लगाया। मार्केट कमेटी ने 28960 रुपये जुर्माना किया गया। इस प्रकार दोनों ट्रकों पर 278560 रुपये जुर्माना किया गया है।