चरखी दादरी। गांधी नगर निवासी आचार्य गौरव दीक्षित का नाम लेकर व्यक्ति से ठगी और महिला से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मंगलवार को गौरव दीक्षित ने पुलिस को शिकायत सौंपकर आरोपी का पता लगाकर गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में गौरव दीक्षित ने बताया कि कुछ दिनों से एक व्यक्ति दो नंबरों से उनके परिचितों के पास फोन कर रुपये ऐंठ रहा है। हाल ही में उन्हें पता चला कि उड़ीसा निवासी उनके एक भक्त से उक्त शख्स ने 20 हजार रुपये ठग लिए। उक्त शख्स ने ये रुपये आचार्य गौरव दीक्षित का नाम लेकर अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। शिकायतकर्ता का कहना है कि सोमवार शाम उक्त शख्स ने उनकी परिचित रोहतक निवासी एक महिला के पास फोन कर रुपये की मांग की। उक्त महिला के मना करने पर रुपये मांगने वाले ने अभद्रता की और उक्त महिला ने इसकी जानकारी आचार्य को दी। गौरव दीक्षित का कहना है कि जब उन्होंने उन दोनों नंबरों पर कॉल की तो सामने वाले शख्स ने अपना नाम और पता बताने की बजाय गाली-गलौज और अभद्रता की। इसके चलते मंगलवार को उन्होंने सिटी थाने में पहुंचकर शिकायत सौंपी।