चरखी दादरी के इसी साइबर थाने में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है।
चरखी दादरी। गांव डांडमा निवासी एक व्यक्ति से ऑनलाइन गेमिंग एप के माध्यम से 14.38 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि डिमेट खाता खुलवाकर गेम खेलने और डीमैट खाता में जमा रकम पर आठ प्रतिशत ब्याज देने का झासा देकर उनसे ठगी की गई। 14 मार्च में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली और कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अब केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डांडमा निवासी विकास ने बताया कि 15 नवंबर 2022 को उनके पास टेलीग्राम पर एक लिंक आया। इस पर क्लिक करके उन्होंने विन मनी ऑफिशियल चैनल ज्वाइन किया। अन्ना नामक व्यक्ति ने मैसेज भेजकर उनसे पंजीकरण करा डीमैट खाता खोलने और उसमें रुपये जमा करने के लिए कहा। इसलिए उन्होंने विन मनी की वेबसाइट पर जाकर अपनी आईडी बनाई और अपने दो नंबर से खाते खोले। इनमें पिछले वर्ष तक उन्हाेंने पांच लाख रुपये जमा किए। बाद में उनके खातों में 14,38,851 रुपये रकम हो चुकी थी। जब उन्हाेंने इस खाते से रुपये निकालने की कोशिश की लेकिन रुपये नहीं निकले।
अन्ना के मैसेज के आधार पर उन्होंने अपने दो डीमैट खातों के साथ अन्य खाते भी खोले, लेकिन बाद में इन खातों में जमा राशि नहीं मिल सकी। उन्होंने आरोपियों से दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया और उनके दोनों खाते बंद कर दिए गए। इस प्रकार ऑनलाइन गेमिंग एप की आड़ में उनसे ठगी हुई है।
20 बार की ट्रांजेक्शन
विकास ने बताया कि अधिक रुपये कमाने के लिए उन्होंने अपने दो बचत खातों से डीमैट खातों में 3.41 लाख की रकम जमा की। इनमें से उन्होंने एक खाते से 2.72 लाख रुपये और दूसरे से 69,000 रुपये निकाले थे। इस तरह उन्होंने बीस बार लेनदेन किया जबकि बाकी रुपये उन्होंने अपने स्तर पर व्यवस्था कर खातों में डाले।
ये थी गेम में रकम दोगुनी करने की प्रक्रिया
पीड़ित ने बताया कि खातों में रुपये जमा करने बाद विन मनी वेबसाइट पर गेम खेलना होता था और इसमें आठ प्रतिशत ब्याज मिलता था। गेम में दो रंग दिए जाते थे और इनमें से अपनी समझ के अनुसार एक रंग पर रुपये लगाए जाते थे। उत्तर सही मिलने पर लगाई गई रकम दोगुनी होकर खाते में आती थी लेकिन यह रकम 72 घंटे तक उसी खाते में रखना जरूरी था।