चरखी दादरी। नौकरी का झांसा देकर अनजान व्यक्ति ने गांव चरखी निवासी मनीष से 63280 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। साइबर ठग ने 11 दिन में पांच ट्रांजेक्शन के जरिये यह राशि ठगी है। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर थाने में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव चरखी निवासी मनीष ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 09 अप्रैल 2023 को उसके पास अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले शख्स ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। उक्त शख्स ने फॉर्म के लिए यूपीआई आईडी पर 280 रुपये भेजने के लिए कहा। उसके कहे अनुसार मनीष ने 280 रुपये भेज दिए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके बाद 11 अप्रैल को अनजान व्यक्ति ने फर्जी ज्वाॅइनिंग लेटर भेजा और 7500 रुपये की मांग की। उसने यह राशि उसी दिन आरोपी की यूपीआई आईडी पर ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरोपी ने तीन दिन बाद 14 अप्रैल को गेट पास लेटर भेजकर 10500 रुपये फीस के रूप में डिमांड कर दी। पीड़ित ने यह राशि उसके द्वारा दिए गए बैंक खाते में जमा करवा दी थी। अगले दिन 15 अप्रैल को उसके पास ट्रेनिंग लेटर भेजा गया जिसके लिए 25500 रुपये की फीस भरने के लिए कहा गया, पीड़ित ने कहे अनुसार वह राशि भी दो दिन बाद ऑनलाइन जमा करवा दी। इसके बाद आरोपी ने 19 अप्रैल को इनवॉइस लेटर के नाम पर 19500 रुपये ठग लिये।
9 से 19 अप्रैल के बीच डलवाई गई राशि
पीड़ित मनीष ने बताया कि उसने 09 अप्रैल से 19 अप्रैल तक अलग-अलग समय में 63280 रुपये अनजान व्यक्ति को ट्रांसफर कर दिए। जब उसने आरोपी को फोन मिलाया तो उसने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। साइबर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।