उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने मंगलवार को रामबास गांव में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव से संबंधित सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन जमीनी स्तर पर मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के लिए चौपाल की मरम्मत करवाई जाएगी। साथ ही गांव की फिरनी से जल निकासी भी सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि किसी भी परिस्थिति में जलभराव नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल सबसे महत्वपूर्ण सुविधा है। ग्रामीण अपने पेयजल के अवैध कनेक्शन को वैध करवाए ताकि पेयजल में मिलावट न हो और ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।
उपायुक्त ने स्वयं जो शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाएं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही के लिए संबंधित स्वयं जिम्मेदार होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जनता के प्रति जवाबदेह हैं।
-
विभागों द्वारा मौके पर की गई सेवाएं प्रदान
नाइट हाल्ट कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र ग्रामीणों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर में लगभग 100 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें सामान्य ओपीडी, एनीमिया जांच एवं स्क्रीनिंग सेवाएं शामिल रहीं तथा आवश्यकता अनुसार निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
विभिन्न स्टाॅल से किया जागरूक
आउटरीच कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी के निर्देशों पर पुलिस विभाग द्वारा साइबर फ्रॉड जागरूकता के लिए स्टॉल लगाई गई। साथ ही मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि एवं किसान कल्याण, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, एमएसएमई, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण, अंत्योदय, महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बागवानी, वित्तीय साक्षरता सामुदायिक प्रशिक्षण, जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण सहित अन्य विभागों ने भाग लिया।
-
अधिकारियों को किया सम्मानित
ग्राम पंचायत द्वारा उपायुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का पारंपरिक पगड़ी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गांव के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों का स्वागत किया तथा स्थानीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। सरपंच सुधीर शर्मा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों का स्वागत किया तथा गांव की समस्याओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी व सीटीएम डाॅ. सुभाष चंद्र सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।