विद्यार्थियों के लिए 27 को लगेगा साइकिल मेला: डीईओ
- दादरी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। आगामी 27 सितंबर को दादरी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में साइकिल मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनुसूचित जाति के 9वीं व 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों साइकिल खरीदने के लिए सहायता राशि स्वीकृत की जाएगी। इसकी पुष्टि जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फौगाट ने की है।
उन्होंने बताया कि 9वीं से 11वीं कक्षा के अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए 27 सितंबर को स्थानीय काठ मंडी के पास स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में साइकिल मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेला में इन कक्षाओं के ऐसे विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध करवाई जाएगी, जो गांव या वार्ड से 2 किलोमीटर दूर चलकर स्कूल पहुंचते हैं। शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को साइकिल खरीदने के लिए सहायता राशि स्वीकृत की जाएगी। साइकिल खरीद के लिए विभाग द्वारा प्रतिपूर्ति दर निर्धारित की गई है, जिनके अनुसार 20 इंच वाली साइकिल के लिए जीएसटी सहित 3100 रुपये और 22 इंच वाली साइकिल के लिए जीएसटी सहित 3300 रुपये विद्यार्थियों के बैंक खाते में ही डाल दिए जाएंगे। यदि विद्यार्थी अपनी पसंद की साइकिल खरीदते हैं तो उसका अधिक मूल्य की शेष राशि विद्यार्थी के माता-पिता द्वारा वहन की जाएगी।