चरखी दादरी। बस स्टैंड के सामने बने ब्रेकर पर बुधवार देर रात संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार युवक की गिरकर मौत हो गई। एमसी कॉलोनी निवासी इस मृत युवक का बस स्टैंड चौकी पुलिस ने वीरवार सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस को दिए बयान में एमसी कॉलोनी निवासी हंसराज ने बताया कि उनका छोटा बेटा देवेंद्र (26) बुधवार रात बाइक पर किसी काम से परशुराम चौक की तरफ जा रहा था। बस स्टैंड के सामने पहुंचा तो स्पीड ब्रेकर पर उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित बाइक सड़क पर गिरने से बेटा देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिली तो परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। वीरवार सुबह पकागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
तीन माह पहले हुआ था बेटा
मृतक देवेंद्र इलेक्ट्रिशियन था और उसकी शहर में दुकान थी। करीब तीन साल पहले उसकी शादी हुई थह। उसके एक बेटी और एक तीन माह का बेटा है। हादसे के बाद से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो भाइयों में छोटा था।