एसपी विनोद कुमार मंडी पहुंचकर आढ़तियों से बातचीत करते हुए।
- फोटो : Amar Ujala
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दस करोड़ की रंगदारी न देने पर शनिवार सुबह दादरी नई अनाज मंडी में बाइक
सवार बदमाशों ने एक दुकान के सामने फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास
किया। छह फायर करने के बाद आरोपी मंडी के गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों के
सामने से फरार हो गए। एसपी विनोद कुमार ने एक हेड कांस्टेबल समेत तीन
कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। जिस गैंग ने नई अनाज मंडी में फायरिंग
की है उसी ने दो दिन पहले कलियाणा गांव के सरपंच के घर पर भी क्रशर
संचालकों पर फायरिंग की थी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए
आढ़तियों ने सुबह मंडी को बंद कर दिया और दिनभर खरीद नहीं हो पाई।
गौरतलब है कि गत सात अक्तूबर को क्रशर एसोसिएशन प्रधान सोमबीर घसोला के
कार्यालय पर जाकर करीब 20 युवकों ने दस करोड़ की रंगदारी मांगी थी। दस
करोड़ न देने पर सोमबीर को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में
आठ अक्तूबर को क्रशर संचालक एकत्र होकर कलियाणा सरपंच के घर पहुंचे थे।
वहां मसले पर बातचीत चल रही थी कि इसी दौरान बदमाश वहां पहुंच गए और
उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। घटना में एक व्यक्ति को पेट में गोली लगी
थी और उसका पीजीआई में उपचार चल रहा है। नौ अक्तूबर को क्रशर संचालकों
ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक क्रशर बंद रखने का निर्णय लिया।
शनिवार सुबह करीब 8ः44 नई अनाल मंडी स्थित सोमबीर घसोला की दुकान नंबर
164 पर बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उनमें से एक ने बाइक से उतरते ही
दुकान के सामने फायरिंग शुरू कर दी। उक्त युवक ने छह फायर किए और एक गोली
दुकान के मेन गेट के शीशे में जा लगी। वहीं, दुकान पर कार्यरत एक
कर्मचारी को भी गोली का छर्रा लगा। फायरिंग कर दहशत फैलाने के बाद बदमाश
मंडी के गेट से फरार हो गए। जिस समय मंडी के गेट से बदमाश बाहर निकले उस
समय वहां चार पुलिसकर्मी तैनात थे लेकिन किसी ने फायरिंग होने के बाद भी
बदमाशों को रोकने की जहमत नहीं उठाई। मंडी में जायजा लेने पहुंचे एसपी
विनोद राणा ने लापरवाही के कारण चारों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
फायरिंग करने वाले युवक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। पुलिस
ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए है।
चार को किया जा चुका काबू, जल्द दबोचे जाएंगे अन्य आरोपी
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि कलियाणा फायरिंग कांड में शामिल
चार आरोपियों को अब तक पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें रामभजन और राहुल
वासी कलियाणा समेत भिवानी के गोलागढ़ निवासी परीक्षित उर्फ पीके व लोहारू
के वार्ड-13 निवासी विकास उर्फ पोपट शामिल है। विकास लोहारू थाने के एक
मामले में भी वांछित है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
जाएगा।
मौके पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
मौके पर जांच करती पुलिस।