थाना बौंदकलां क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने भिवानी जिले के बडसी गांव निवासी एक व्यक्ति पर अश्लीलता परोसने के साथ समझाने पर उसे धमकी देने के आरोप भी लगाए है। बौंदकलां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि गत एक जुलाई को उसकी पत्नी के मोबाइल पर एक नंबर से अश्लील वीडियो और फोटो भेजी गई। उस समय मोबाइल उसके पास ही था। उसने वीडियो और फोटो भेजने वाले शख्स के पास फोन किया तो पता चला कि यह नंबर बडसी निवासी बलवान का है। उसने उसे समझाने के लिए फोन किया तो उक्त शख्स उसे धमकी देने लगा। इसके बाद महिला के पति ने मामले की शिकायत बौंदकलां थाना पुलिस को देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 67-ए आईटी एक्ट और 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।