बौंद कलां। अवैध बिक्री के लिए देसी शराब ले जा रहे एक युवक को पुलिस ने भागेश्वरी-रानीला रोड से काबू में किया है। उसके पास से देसी शराब की दस बोतलें बरामद हुई हैं। आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ के काटी खेड़ी निवासी देवदत्त के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बौंद कलां थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
हेड कांस्टेबल विकास कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उनकी टीम अपराध की रोकथाम के लिए भागेश्वरी अड्डे पर मौजूद थी। उसी दौरान रानीला रोड से एक युवक अपने कंधे पर एक प्लास्टिक कट्टा लिए हुआ वहां से गुजरने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस कर्मचारी उसकी ओर बढ़े तो उसने मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर कट्टे से देसी शराब की दस बोतलें बरामद हुईं।