चरखी दादरी। भागवी निवासी एक युवक पर फायरिंग करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान चिड़िया निवासी रवि प्रकाश के रूप में हुई है। इस संबंध में घायल के बयान पर पुलिस ने दो नामजद समेत तीन अन्य पर केस दर्ज किया था। बताया जा रहा है कि इस हमले का एक नामजद आरोपी बुधवार को बहादुरगढ़ पुलिस के हत्थे भी चढ़ा है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि गत सात नवंबर की रात भागवी निवासी मनदीप पर चिड़िया निवासी धर्मेंद्र उर्फ धर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की थी। मनदीप के चचेरे भाई के साथ धर्मेंद्र का 50 हजार रुपये को लेकर विवाद हुआ था और उसी के चलते गत सात नवंबर की रात मनदीप के घर के बाहर ही उसके पैर में गोली मारी गई थी। वारदात को अंजाम देकर कार में सवार होकर आरोपी फरार हो गए थे और घायल के बयान पर पुलिस ने इस संबंध में सशस्त्र अधिनियम समेत हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी चिड़िया निवासी रवि प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वारदात के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है।