फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

3.43 लाख मतदाता आज चुनेंगे 161 सरपंच और 541 पंच

विज्ञापन
फोटो 01 बूथों पर जाने से पहले जनता कॉलेज में चुनाव सामग्री जांचती पोलिंग टीमें। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
चरखी दादरी। 161 गांवों के मुखिया और 502 पंच चुनने के लिए शनिवार को मतदान होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के बाद अब सभी की नजर सरपंच और पंच पद के लिए होने वाले चुनाव पर है। जिले की बात करें तो 161 सरपंच पद के लिए 869 और 502 पंच पद के लिए 1098 उम्मीदवार चुनावी रण में हैं। शाम छह बजे मतदान खत्म होते ही मतगणना होगी और फिर विजेता प्रत्याशियों के नाम स्पष्ट हो जाएंगे।
विज्ञापन

दादरी जिले की अगर बात करे तो 165 ग्राम पंचायतें हैं। चार गांवों में सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं और ऐसे में मतदान के जरिये 161 गांवों के मुखियाओं के चेहरे स्पष्ट होने हैं। वहीं, पंच पद की अगर बात करें तो कुल 1679 पंच चुने जाने हैं। इनमें से 1177 पंच पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं और 502 पंच चुनने के लिए शनिवार सुबह सात से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
सरपंच और पंच पद पर जिला परिषद व पंचायत समिति से अधिक मतदान होने की संभावना है। गत 9 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनने के लिए जिले में 70.5 प्रतिशत मतदान हुआ था। छुटपुट घटनाओं को छोड़कर पंचायत की दोनों इकाईयों के लिए मतदान शांतिपूर्वक हुआ था। इस मतदान के बाद से ही सरपंच और पंच पद के चुनाव की चर्चाएं हैं। सरपंच और पंच प्रत्याशियों का प्रचार अभियान भी थम चुका है। वहीं, दूसरी ओर जिला प्रशासन ने अब 431 बूथों पर सरपंच और पंच के चुनाव कराने की तैयारियों को अंतिम रूप देकर पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया है।
विज्ञापन

सरपंच पद के लिए 457 पुरुष और 412 महिलाओं के बीच मुकाबला
161 गांवों की चौधर पाने के लिए 869 उम्मीदवारों में जंग है। इनमें 457 पुरुष और 412 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। कुछ गांव ऐसे जहां सरपंच पद के लिए आमने-सामने का मुकाबला है जबकि कुछ गांवों में पांच से सात प्रत्याशी मैदान में हैं। अहम बात यह है कि कुछ गांवों में तो एक नाम पर सहमति बनने के बाद भी दूसरे प्रत्याशी ने नामांकन किए हैं जो इस समय गांवों में चर्चा का विषय है।
पंच पद के लिए भी महिलाओं से ज्यादा पुरुष मैदान में
दादरी जिले की 165 पंचायतों में पंच के 1679 पद हैं। इनमें से 1177 पंच सर्वसम्मति से बिन चुनाव के ही चुने जा चुके हैं जबकि 502 पंच पद के लिए 1098 उम्मीदवार मैदान में डटे हैं। इनमें पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 641 और महिला उम्मीदवारों की संख्या 457 है। कुछ पंचायतें तो ऐसी हैं जिनमें सभी पंच सर्वसम्मति से चुने गए हैं। इन गांवों ने अन्य पंचायतों के लिए भी नजीर पेश की है।
बौंदकलां खंड में सर्वाधिक संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथ
जिला पार्षद और पंचायत समिति के बाद अब सरपंच व पंच पद के लिए 431 बूथों पर मतदान होना है। इनमें से 39.17 प्रतिशत बूथ संवेदनशील और अति संवेदनशील हैं। इन बूथों पर पुलिस के अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। बाढड़ा खंड में 23 संवेदनशील और 14 अति संवेदनशील हैं। बौंदकलां खंड में 16 संवेदनशील और 31 अति संवेदनशील हैं। इसी प्रकार दादरी में 21 संवेदनशील और 25 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। झोझू में 9 संवेदनशील और 33 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं।
जानिये... आज होने वाले चुनाव से संबंधित ब्योरा
ग्राम पंचायतें-165
ब्लॉक- 4
मतदाता- 3.43 लाख
पोलिंग बूथ- 431
पुलिस फोर्स- 1700
अधिकारी कर्मचारी- 1756
पोलिंग पार्टियां- 525
सुरक्षा इंतजाम के मद्देनजर यूं गठित की गई पुलिस टीमें
डीएसपी टीम-4
एसएचओ टीम-7
सीआईए टीम-2
पेट्रोलिंग पार्टी-26
रिजर्व टीम- 2
एसपी रिजर्व टीम-1
खंड वाइज ग्राम पंचायतों का ब्योरा
खंड- ग्राम पंचायत संख्या- कुल मतदाता- महिला मतदाता- पुरुष मतदाता
बाढड़ा-48- 74248- 34515- 39733
झोझूकलां- 47-90459- 42404- 48055
दादरी- 46- 105527- 49346- 56181
बौंदकलां-24 69877- 32794- 37083
सरपंच और पंच पद चुनाव के लिए प्रशासन की तैयारी पूरी हैं। पोलिंग टीमें शुक्रवार को बूथों पर पहुंच गई है। मेरी अपील है कि चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करें।
-प्रीति, डीसी, चरखी दादरी
सरपंच और पंच पद चुनाव के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। इस संदर्भ में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। मतदान प्रभावित करने वालों से हम सख्ती से निपटेंगे।
विज्ञापन

-दीपक गहलावत, एसपी, चरखी दादरी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें