जिला बार एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें सर्वसम्मति से शांतिपूर्वक किसान आंदोलन का समर्थन करने का निर्णय लिया गया। बार एसोसिएशन ने सरकार से कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग भी की है।
मैहड़ा ने बताया कि किसानों के समर्थन में जिला दादरी बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल शनिवार सुबह 10 बजे दिल्ली के लिए बस लेकर रवाना होंगे। बस से जाने वाले प्रतिनिधिमंडल को प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उप प्रधान अजय छिकारा, सचिव दीपक श्योराण, सह सचिव संदीप जांगड़ा, खजांची राजवीर वर्मा करेंगे। बस की सुविधा अधिवक्ता आनंद डबास की तरफ से की गई है। बैठक के बाद किसानों के समर्थन में जिला बार एसोसिएशन ने उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा। बार प्रधान ने बताया कि अगर सरकार किसानों पर झूठे केस दर्ज करती है तो बार एसोसिएशन उनकी निशुल्क पैरवी करेगी।